-स्नेहा
ब्रह्माण्ड की तरह फ़ैलते
मेरे वजूद को
तुमने समेट दिया
तीन फ़ीट चौड़ी आठ फ़ीट लम्बी
कब्र जैसी सीमेन्टेड सीट में
मैने इसके एक कोने में
सजा लिया
अमलतास के लहलहाते फ़ूलों का गुच्छा
बेला के फ़ूलों की खुशबू से तर कर डाला
सलाखों को
दीवार पर सजा दिया
नदी, पहाड़, जंगल, पशु-पक्षी
और
तारीखो जड़ा रंगीन कैलेण्डर
होसे मारिया सिसो की कविता का पोस्टर
चिपका दिया है ठीक आंख के सामने
इन सबके ऊपर सजी है
भगत सिंह और चेग्वेरा की तस्वीरें
प्रेरणा और हौसले के लिये
इस तरह मैने
तुम्हारी दी हुई
तीन फ़ीट चौड़ी और ८ फ़ीट लम्बी सीमेण्टेड कब्र को
पूरी एक दुनिया मे बदल डाला।
Advertisement